राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयशंकर सिंह (76) का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार की सुबह निधन हो गया। उनकी अंत्येष्टि गाजीपुर स्थित श्मशान घाट पर की गई।
उदयशंकर सिंह शिक्षक राजनीति में जिले से लेकर प्रदेश में लंबे समय तक सक्रिय रहे। कासिमाबाद विकासखंड के प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष होने के बाद गाजीपुर जिले के प्राथमिक शिक्षक संघ के कई बार जिलाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए। वर्ष 2003 में उन्होंने उत्कृष्ट शिक्षक का सम्मान तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के हाथों प्राप्त किया था। वर्ष 2009 में सेवानिवृत्त होने के बाद अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष के पद पर पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा किया। वह शिक्षकों की समस्याओं को लेकर हमेशा संघर्षरत रहे। गाजीपुर स्थित श्मशान घाट पर मुखाग्नि उनके भतीजे संतोष सिंह ने दी। इस अवसर पर शिक्षा जगत के लोगों के साथ ही बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे।