दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के उसिया गेट के पश्चिम रविवार की रात मगध एक्सप्रेस गुजरने के बाद अप लाइन की पटरी चटक गई। संयोग रहा कि कोई हादसा नहीं हुआ। गेट मैन की सूचना पर पहुंची तकनीकी टीम ने क्लैंप बांधकर ट्रेनों को रवाना किया। इस दौरान करीब 45 मिनट परिचालन बाधित रहा। ट्रेनों का परिचालन शुरू होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
उसिया गेट के पश्चिम किलोमीटर संख्या 693/12 के पास अप लाइन से देर रात 8.15 मिनट पर मगध एक्सप्रेस ट्रेन गुजरने के बाद पटरी चटक गई। गेट मैन मुहम्मद महमूद अंसारी ने जानकारी दिलदारनगर स्टेशन अधीक्षक नफीस अहमद खां को दी। सूचना मिलते ही दानापुर रेल कंट्रोल रूम ने भदौरा स्टेशन पर प्रथम स्वतंत्रता सेनानी सुपर फास्ट एक्सप्रेस रोक दी। सूचना पर गहमर रेल पथ के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। चटकी रेल पटरी के पास क्लैंप बांधकर रात नौ बजे परिचालन को बहाल कर दिया गया। रेल पटरी की मरम्मत के बाद अप लाइनों में 02309 पटना- नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस तथा प्रथम स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस को 30 किमी काशन से चलाया गया। इस संबंध में दानापुर के जनसंपर्क अधिकारी संजय प्रसाद ने बताया कि अप में उसिया स्टेशन के पास रेल पटरी चटकने के कारण विभिन्न ट्रेनों को काशन के सहारे चलाया गया।