नंदगंज। क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांव में एक सप्ताह से अलग-अलग क्षमता के ट्रांसफार्मर जले हुए हैं। इसकी वजह से ट्रांसफार्मरों से संबंधित क्षेत्रों में आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खेती का काम भी प्रभावित हो रहा है। ट्रांसफार्मरों को न बदले जाने से विभाग के प्रति लोगों में रोष गहराता जा रहा है।
क्षेत्र के सौरम में 25 केवी, विश्रामपुर में 25 केवी, पहलवानपुर में 10 केवी, रामपुर बंतरा में 25 केवी, सहेड़ी में 25 केवी, बहदुरा में 25 केवी, दवेपुर में 25 केवी, सिहोरी में 25 केवी, चिलार में 25 केवी, मुड़कटनी में 25 केवी और नैसारा गांव में लगा सरकारी नलकूप संख्या-9 का 25 केवी का ट्रांसफार्मर करीब एक सप्ताह से जला हुआ है। इसकी वजह से ट्रांसफार्मरों से संबंधित क्षेत्रों की बत्ती गुल हो गई। बिजली के अभाव में गर्मी के मौसम में लोगों तो दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पंखा-कूलर बंद रहने से लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। रात में घरों में प्रकाश करने के लिए ढिबरी और लालटेन का सहारा लेना पड़ रहा है। जिनके पास इन्वर्टर की सुविधा है, बिजली के अभाव में चार्ज न होने से उन्हें उसका भी लाभ नहीं मिल पा रहा है। मोबाइल चार्ज करने के लिए लोगों को इधर-उधर भाग-दौड़ करनी पड़ रही है। बिजली न होने का खराब प्रभाव खेती के काम पर पड़ रहा है। किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। ट्रांसफार्मरों को न बदलने से लोगों में विभाग के प्रति रोष गहराता जा रहा है। इस संबंध में जेई रमेश कुमार ने बताया कि बारिश के मौसम में ट्रांसफार्मरों के जलने की घटना बढ़ जाती है। जले ट्रांसफार्मरों का इस्टीमेट बनाकर स्टोर में भेजा गया है। ट्रांसफार्मर उपलब्ध होते ही दो से तीन दिनों में लगाकर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।