गाजीपुर। माह-ए-रमजान की अलविदा की नमाज शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में अकीदत के साथ शुक्रवार को अदा की गई। बड़ी संख्या में रोजेदार मस्जिदों-ईदगाहों में पहुंचे। नमाज के दौरान मुल्क में अमन और शांति के लिए अल्लाह से दुआ मांगी गई।
शहर के विश्वेश्वरगंज स्थित ईदगाह में साढ़े 12 बजे से ही नमाजियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दोपहर पौने एक बजते-बजते बड़ी संख्या में मुस्लिम बंधु ईदगाह में पहुंच गए। सवा एक बजे नमाज शुरू की गई। नमाज से पहले इमाम ने खुतबे में रमजान की अहमियत बयान किया गया। दिन में दो बजे महुआबाग में नामज शुरू हुई। इसके अलावा गोराबाजार, पीरनगर, शेखपुर, रौजा, लंका चुंगी, नखास, टाउनहाल, बरबरहना, नुरुद्दीनपुरा, ऊर्दूबाजार, नवापुरा, मियापुर, सुजावलपुर, रजदेपुर आदि मस्जिदों में रमजान माह के अलविदा की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। सुहवल संवाददाता के अनुसार रेवतीपुर बड़ी मस्जिद, ढढनी, रमवल, नलवी आदि मस्जिदों में अलविदा की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। बहादुरगंज संवाददाता के अनुसार नगर के जामा मस्जिद सहित क्षेत्र के अन्य जामा मस्जिदों में अलविदा की नमाज अदा की गई। इस दौरान मुल्क में अमन एवं शांति की दुआ मांगी गई। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार मुहम्मदाबाद जामा मस्जिद, यूसुफपुर जामा मस्जिद, फतेहबाग की मस्जिद के साथ ही महेशपुर, मछटी, पखनपुरा, महरुपुर, मुर्की आदि मुस्लिम बाहुल्य गांव में शांतिपूर्ण ढंग से अलविदा की नमाज अदा की गई। दुल्लहपुर, बिरनो, मरदह, जंगीपुर, खानपुर, सैदपुर, औड़िहार, देवकली, नंदगंज, करंडा, जखनिया, सादात, भीमापार, गहमर, सेवराई, दिलदारनगर, मतसा, जमानिया, भांवरकोल, कासिमाबाद, सिधागरघाट, दुबिहा, करीमुद्दीनपुर, बहरियाबाद, शादियाबाद, बारा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में अलविदा की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। नमाज के दौरान ईदगाहों और मस्जिदों में सुरक्षा के कड़े प्रबंधक किए गए थे। पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के साथ चक्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।