जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने लगी है। शनिवार को जिले में 42 कोरोना संक्रमित मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। ऐसे में सक्रिय मरीजों की संख्या 87 पहुंच गई है। वहीं तीन संक्रमित मरीजों का अन्य जिले में उपचार चल रहा है। जबकि 84 होम आइसोलेट किए गए हैं। वहीं जांच का भी दायरा बढ़ाया गया है।
जनवरी शुरू होते ही कोरोना मरीजों की संख्या एक बार फिर बढ़ने लगी है। चार दिनों से लगातार कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। शनिवार की देर शाम आरटीपीसीआर रिपोर्ट में 29 और एंटीजन टेस्ट में 13 संदिग्धों के कोरोना पॉजिटिव मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 87 हो गई है। कोरोना पॉजिटिव मरीजों पर तीन का इलाज दूसरे जिले में चल रहा है। संक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। प्रतिदिन 1500 से 1900 लोगों की जांच की जा रही है। संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार करने के साथ उनकी भी जांच शुरू कर दी गई है। कोरोना की दूसरी लहर की भयावहता को झेल चुका स्वास्थ्य विभाग संक्रमण पर अंकुश के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। निगरानी समितियों को सक्रिय किया गया है।
12034 किशोरों को लगा टीका
जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से शनिवार को चलाए गए टीकाकरण अभियान के तहत 12034 किशोरों को टीका लगाया गया। विद्यालयों में पहुंचकर टीम छात्र-छात्राओं को कोवैक्सीन की पहली डोज लगा रही है। अब तक 29387 को टीका लगाया जा चुका है। जबकि 18 वर्ष आयु से 60 वर्ष आयु वर्ग के 3468112 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इसमें 2310140 को प्रथम डोज और 1157972 को दूसरा डोज लग चुका है।
छात्र-छात्राओं को लगाया टीका
जमानिया। स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एनएसएस एनसीसी रोवर्स रेंजर्स के संयोजन एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजीव सिंह नेतृत्व में 121 छात्र- छात्राओं का टीकाकरण किया गया। वहीं कसेरा पोखरा गांव स्थित सन शाइन पब्लिक स्कूल में शनिवार को कोविड-टीकाकरण कैंप का आयोजन किया गया। इसमें करीब 250 छात्र-छात्राओं को वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई।