दुबिहा(गाजीपुर)। बाराचवर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पखनपुरा में सोमवार को ग्रामीणों तथा अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि यह स्कूल कभी समय से नहीं खुलता और न ही अध्यापक ही समय से आते हैं। हालत यह है कि इस गांव के बच्चे दूसरे गांव में पढ़ने जा रहे हैं। चेतावनी दिया कि अगर आगे ऐसा हुआ तो उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद स्कूल पर आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना था कि इस विद्यालय के छात्र तो समय से स्कूल पहुंच जाते हैं लेकिन उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। बाद में शिक्षक आते हैं तो स्कूल खुलता है। छात्रों की ओर से रोज की जा रही इस शिकायत को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीण एकजुट होकर सुबह नौ बजे ही स्कूल पर पहुंच गए। वहां ताला लगा था जिसे देख उनकी त्योरी चढ़ गई। कुछ छात्र भी गेट पर इंतजार कर रहे थे। आक्रोशित लोग वहां प्रदर्शन करने लगे। गांव के प्रेमशंकर राजभर ने कहा कि स्कूल 12 बजे तक खुलता है जिसके चलते बच्चे गेट पर खड़े होकर इंतजार करते रहते हैं। कई बार वह घर भी लौट जाते हैं। अमित कुमार ने बताया कि अध्यापक अपनी मर्जी से आते-जाते हैं। कभी भी विद्यालय बंद कर दिया जाता है। इस मनमानी से छात्रों तथा अभिभावक दोनों को परेशानी हो रही है। चेतावनी दिया कि अगर रोज समय से स्कूल खोल कर नियमित पढ़ाई नहीं की जाती है तो आगे सभी अभिभावक मिल कर उच्चाधिकारियों से इसकी शिकायत करेंगे तथा फिर प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में बाराचवर के खंड शिक्षाधिकारी अखिलेश झा ने कहा कि न्याय पंचायत समन्वयक से जांच कराई जाएगी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।