गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र के फतेहउल्लाहपुर हाइवे से पुलिस ने रविवार को ट्रक में लदे 26 मवेशियों को बरामद किया। साथ ही वाहन चालक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो पशु तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले। इधर पूछताछ के बाद गिरफ्तार चालक का पुलिस ने चालान कर दिया।
थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय पुलिस टीम के साथ भोर में साथ गस्त कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि ट्रक में पशु लादकर कुछ लोग वध के लिए बिहार लेकर जा रहे हैं। पुलिस ने फतेउल्लाहपुर के पास घेराबंदी कर ट्रक के आने का इंतजार करने लगे। पुलिस की घेराबंदी देखकर चालक ने ट्रक रोक दिया। इधर अंधरे का फायदा उठाकर ट्रक में बैठे दो तस्कर फरार हो गए।
पुलिस ने जब ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 26 मवेशी बरामद हुए। चालक ने पूछताछ में अपना नाम गोविंद यादव बताया। वह बलिया जनपद के बासडीह के छोटी शेरिया निवासी है। उसने बताया कि वाराणसी के चौबेपुर से ट्रक में मवेशियों को लादा गया था। साथ में मुहम्मदाबाद निवासी पप्पू यादव और गुड्डू यादव भी आ रहे थे। जो पुलिस को देखकर फरार हो गए। थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने बताया कि चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर चालान कर दिया गया। साथ ही फरार दोनों तस्करों की तलाश की जा रही है।