गाजीपुर। सहायक शिक्षा निदेशक (वाराणसी मंडल) मुनेश कुमार ने मंगलवार को बीआरसी सदर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण, यूनीफार्म, जूता-मोजा, स्कूल बैग एवं विद्यालयों में बच्चों के नामांकन की समीक्षा की।
बच्चों के आधार नामांकन, मध्यान्ह भोजन योजना, स्कूलों में शौचालय, हैंडपंप के संबंध में पूछताछ कर जानकारी हासिल की। कहा कि कस्तूरबा की छात्राओं का जल्द से जल्द बैंक में खाता खुलवाया जाय। अध्यापकों और बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए कहा कि जो अभिभावक बच्चों को घर ले जा रहे हैं उसका अलग से रजिस्टर बनाया जाय। इसमें उनका पूरा विवरण रखा जाय। उन्होंने अध्यापकों को समय से मानदेय देने तथा उनकी छुट्टी का रिकार्ड मेनटेन करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक तथा कस्तूरबा की वार्डेन उपस्थित थीं। इसके बाद श्री कुमार ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और बबेड़ी स्थित कैंप का निरीक्षण किया।