जमानिया(गाजीपुर)। लखनऊ में हुए एपल के एरिया मेनेजर विवेक तिवारी हत्याकांड में बर्खास्त सिपाहियों के समर्थन में काली पट्टी बांधने के मामले में बीते दिनों पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय कोतवाली के दो पुलिस कर्मियों को निलंबित और 11 को लाइन हाजिर कर दिया था। इस कार्रवाई के बाद कोतवाली में पुलिस कमियों के अभाव को पूर्ण करने के लिए जिले से करीब 10 पुलिस कमियों की तैनाती कर दी गई है।
मालूम हो कि लखनऊ में हुए एपल के एरिया मैनेजर विवेक तिवारी हत्याकांड में बर्खास्त सिपाहियों के समर्थन बीते शुक्रवार को कोतवाली के पुलिस कर्मियों ने काली पट्टी बांध कर विरोध जताया था। इस विरोध प्रदर्शन की तस्वीर वायरल होने के साथ समाचार पत्रों में फोटो के साथ खबर भी प्रकाशित हुई थी। इसको शासन ने काफी गंभीरता से लिया था। शासन के सख्त तेवर को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने बीते सात अक्तूबर को दो पुलिस कर्मियों को निलंबित और 11 को लाइन हाजिर कर दिया था। पुलिस कर्मियों के अभाव को पूर्ण करने के लिए जिले से उपनिरीक्षक सुरेशचंद्र के साथ नौ सिपाहियों की तैनाती मंगलवार को कोतवाली में कर दी गई। इसमें डायल 100 के पुलिस कर्मी भी शामिल हैं। आज तैनात हुए पुलिस कर्मियों के बाद अब पुलिस कर्मियों की संख्या 21 हो गई है। इस संबंध में कोतवाल हेमंत कुमार सिह ने बताया कि कोतवाली में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को लेकर कोई समस्या नहीं है।