जमानिया(गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन बाजार स्थित हिंदू इंटरमीडिएट कालेज में अभिभावक संघ के बैनर तले गुरुवार को हिंदू इंटर कालेज में व्याप्त गड़बड़ी को लेकर प्रबंधक लछिराम के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर समाजसेवी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि कालेज में प्रतिवर्ष खेलकूद के लिए सामग्री खरीदी जाती है, लेकिन महज कागजों पर ही विद्यालय के बच्चे खेल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में लगे हैंडपंप गंदा पानी दे रहे हैं, जिसका सेवन कर छात्र बीमार पड़ रहे हैं। राधाकृष्ण जायसवाल ने कहा कि विद्यालय के कमरों में प्रबंधक अपना निजी विद्यालय चला रहे हैं, जिसे अविलंब खाली कराया जाए। प्रबंधक पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपने निजी स्वार्थ में विद्यालय को काफी नुकसान पहुंचा रहे हैं। कालेज की भूमि को औने-पौने दाम में अन्य किसानों को रेहन पर दिया जा रहा है। इस तरह की मनमानी का खेल कई वर्षों से चल रहा है। यही नहीं प्रबंधक द्वारा एक से दो बार ही रेहन का पैसा संस्था के खाते में जमा कराया गया है। पूर्व में क्षेत्र के लोगों ने भी मांगों को लेकर धरना दिया था और मांगों को पूर्ण करने के लिए एक माह का समय मांगा गया था। समस्या का समाधान न होने से पुन: धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया है। कहा कि प्रबंधक अपने पद की गरिमा को भूल चुके हैं और निजी लाभ को देख कर कार्य कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरनारत लोगों ने जिला विद्यालय निरीक्षक को धरना स्थल पर आने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। इस संबंध में प्रबंधक लछिराम सिंह यादव ने धरना पर बैठे लोगों की मांग को सरासर गलत बताया और कहा कि धरना पर बैठे लोग अन्य अभिभावकों को गुमराह कर रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा धरना दे रहे लोगों को जवाब दिया जा चुका है। इसके बाद भी बिना सूचना दिए कुछ लोग धरना पर बैठ गए हैं, जिसकी सूचना इंटर कालेज के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक को नहीं दी गई है। धरना में किसान नेता संतविलास सिंह हरिनरायन सिंह मुन्ना आदित्य सिंह. धमेन्द्र सिंह, शंकर प्रसाद अग्रहरि, शिवजी वर्मा, सुरेंद्र चौधरी बृजेश जायसवाल, अभिषेक सिंह दयानंद सिंह पंकज जायसवाल राधा कृष्ण जायसवाल पारस सिंह पारस सिंह अरुण राय आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीर बहादुर सिंह एवं संचालन रविंद्रनाथ सिंह ने किया।