गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2022 में होने वाली हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में डेढ़ लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल में 82 हजार से अधिक और इंटर में 67 हजार से ज्यादा परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। पिछले वर्ष की तुलना में साढ़े 26 हजार से ज्यादा परीक्षार्थियों की संख्या में कमी आई है।
वर्ष 2022 में होने वाली माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 16 अक्तूबर निर्धारित की गई थी। विलंब शुल्क के साथ 19 अक्तूबर तक फार्म स्वीकार किए गए। इससे पहले अंतिम तिथि छह अक्तूबर निर्धारित थी। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की आगामी बोर्ड परीक्षा में जिले में एक लाख 50 हजार 831 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इसमें दोनों कक्षाओं के एक लाख 48 हजार 266 संस्थागत और 2565 व्यक्तिगत परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे। हाईस्कूल में 82 हजार 906 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। इसमें 82 हजार 655 संस्थागत एवं 251 व्यक्तिगत परीक्षार्थी हैं। इसी तरह इंटरमीडिएट में 67 हजार 925 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 65 हजार 611 संस्थागत और व्यक्तिगत छात्र-छात्राओं की संख्या 2314 है। पिछले वर्ष की तुलना में परीक्षार्थियों की संख्या में कमी आई है। इस वर्ष 26 हजार 945 छात्र-छात्राएं कम हुए हैं। बीते वर्ष एक लाख 77 हजार 776 परीक्षार्थी थे। बताया गया है कि पंजीकृत विद्यार्थियों की चेकलिस्ट प्राप्त कर उनकी जांच की जाएगी।