कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के सलामतपुर गांव के पास से पुलिस ने रविवार को गैंगस्टर में वांछित और 15 हजार इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय पुलिस टीम के साथ विधान सभा चुनाव में शांति व्यवस्था को लेकर क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर का वांछित आरोपी कन्हैया चौहान कहीं जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सलामतपुर के पास से धर-दबोचा। पुलिस को देखते ही शातिर भागने लगा। पुलिस कर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि कन्हैया चौहान मऊ के थाना हलधरपुर के बकुची गांव का रहने वाला है। उसके ऊपर कई मामले दर्ज है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित था। वह छह माह से फरार था। इसके ऊपर 15 हजार का इनाम घोषित है।