नंदगंज(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के बाजार के नंदगंज-शादियाबाद मार्ग पर पेपर मिल के समीप रविवार की देर रात खड़े ट्रैक्टर-ट्राली से अनियंत्रित ट्रक टकरा गया। दुर्घटना में जहां ट्रैक्टर चालक को हल्की चोटें आई, वहीं दोनों वाहनों के बीच में आने से बाइक सवार एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक सहित फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया है।
नंदगंज-शादियाबाद मार्ग पर पेपर मिल के पास एक धान की पुआल लदा एक ट्रैक्टर-ट्राली खड़ा था। इसी दौरान रात करीब नौ बजे सिहोरी की तरफ से तेज रफ्तार ट्रक आ रहा था। चालक के नशे में होने की वजह से ट्रक सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराता हुआ ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गया। इसी बीच बाइक से आ रहा सिहोरी निवासी रविकांत कन्नौजिया (15) वाहनों के बीच में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि ट्रैक्टर चालक मलहटोला निवासी मोनू यादव (18) को हल्की चोटें आई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोर के परिवार वालों को सूचना देने के बाद उसे नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजवाया। परिवार के लोग भी कुछ देर बाद वहां पहुंच गए। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी तरफ से तहरीर नहीं मिली है। मिली तो केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की जाएगी।