करीमुद्दीनपुर(गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के उतरांव गांव में बने एक ब्रेकर (गति अवरोधक) को तोड़ने को लेकर रविवार की शाम हुए विवाद को पुलिस ने समझा-बुझा कर शांत करा दिया। इसी विवाद को लेकर सोमवार की शाम पुन: दो समुदाय के लोग आमने-सामने हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला को संभालते हुए सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से मौके पर पीएसी की तैनाती कर दी।
उतरांव संपर्क मार्ग पर उतरांव गांव में ब्रेकर (गति अवरोधक) बना हुआ है। रविवार की शाम एक समुदाय का युवक ब्रेकर की वजह से बाइक सहित गिर पड़ा था। इससे नाराज लोगों ने ब्रेकर को काट दिया था। इसको लेकर दो समुदाय के लोग सामने-सामने हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए किसी ने पुलिस को जानकारी दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया था। रविवार की शाम करीब पांच बजे इसी विवाद को लेकर पुन: दोनों समुदाय के कुछ लोग आमने-सामने हो गए। इस दौरान हो-हल्ला के बीच दोनों तरफ तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। यह संयोग ही रहा पत्थरबाजी में कोई घायल नहीं हुआ। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक पक्ष की तरफ से 19 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। शांति व्यवस्था के मद्देनजर मौके पर पीएसी की तैनाती की गई है।