कासिमाबाद(गाजीपुर)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व सांसद सरजू पांडेय के जन्मदिन के अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में देश में अवसरवाद और पूंजीवाद की राजनीति की जा रही है। यही कारण है कि आज देश पूरी तरह से उद्योगपतियों के हाथ में है। सोमवार को थाना पार्क में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि एक गरीब परिवार में जन्म लेने के बाद भी सरजू पांडेय ने कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
वक्ताओं ने कहा कि पांडेय जी की कथनी करनी में कोई अंतर नहीं था। गरीब और शोषित वर्ग के लिए संघर्ष करते हुए उन्हें हक अधिकार दिलाने का उन्होंने प्रयास किया। आज देश में पूंजीवाद का बोलबाला है तथा पूंजीपतियों के इशारे पर देश के किसानों और गरीब लोगों पर चोट पहुंचाई जा रही है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। सरकार गरीबों का शोषण कर रही है। इस अवसर पर भाकपा के जिला सचिव अमेरिका सिंह यादव, सह सचिव रामअवध यादव, जनार्दन राम, पूर्व विधायक राजेंद्र यादव, रामजी गुप्ता, डॉ. रामबदन सिंह, रामलाल, शमीम अहमद, सुरेंद्र राम, संजय, बृजभूषण चौहान, पूर्व प्रमुख रामायण यादव, राजदेव यादव, रामलाल पांडेय, अब्दुल अली, सुग्रीव पाल, सुबच्चन यादव, रमाशंकर सिंह, राजकुमार पांडेय, असगरी बेगम, श्याम नगीना यादव, इरशाद अहमद आदि ने विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अमेरिका सिंह यादव एवं संचालन अशोक मिश्रा ने किया।