नवनिर्वाचित मेयर अशु वर्मा ने शुक्रवार को नगर निगम परिसर में आयोजित भव्य समारोह में शपथ ली। मंडलायुक्त के नहीं पहुंच पाने पर डीएम विमल कुमार शर्मा ने उन्हें शपथ दिलाई।
शपथ के बाद मेयर अपने कार्यालय पहुंचे और पहले ही दिन अपने तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले जनता से किए वादे पूरे करेंगे। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता खराब मिली तो ठेकेदार ही नहीं निगम अफसर भी इसके जिम्मेदार होंगे।
निगम मुख्यालय परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद वीके सिंह, बागपत के सांसद सत्यपाल सिंह, अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम, भाजपा के प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह, एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट बीडी सिंह, प्रभारी नगर आयुक्त डीके सिन्हा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
समारोह में मंडलायुक्त आलोक सिन्हा को शपथ दिलाने निगम पहुंचना था, लेकिन वह नहीं पहुंच सके। दोपहर 1:10 बजे डीएम विमल कुमार शर्मा ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद वे निगम मुख्यालय की तीसरी मंजिल पर अपने कार्यालय पहुंचे और मीडिया से रूबरू हुए और हर मुद्दे पर बात की।
सभी लोगों तक साफ पानी पहुंचाने के लिए केंद्रीय योजनाओं से पैसा लाकर वाटर स्कीम डेवलप की जाएंगी। प्राइवेट कंपनियों और संस्थाओं के साथ मिलकर पीपीपी मॉडल पर सभी वार्डों में आरओ प्लांट लगाए जाएंगे। 2 से 3 रुपये में 20 लीटर आरओ का पानी मुहैया कराया जाएगा।
जनता से अपील करते हुए मेयर ने कहा कि रैंप सिर्फ गेट के बाहर बनाया जाए, बाकी हिस्से में ऐसी व्यवस्था की जाए कि सड़कों का पानी नालियों में जा सके। उन्होंने कहा कि नाले-नालियों की सफाई निरंतर कराई जाएगी ताकि स्वच्छता बरकरार रहे और बरसात का पानी आसानी से नालों में जा सके।
हाउस टैक्स जमा करने वालों को मिलने वाली 20 फीसदी छूट 31 मार्च तक दी जाएगी। इसके लिए या तो जल्द से जल्द बोर्ड बैठक बुलाई जाएगी या बाय सर्कुलर सभी पार्षदों से प्रस्ताव पास कराया जाएगा।