बाइक सवार दो युवकों ने मंगलवार रात एक युवक को अगवा कर बेहोश कर दिया और बोरे में बंद कर रेलवे ट्रैक के पास फेंककर भाग गए। बुधवार सुबह बोरे में शव होने की आशंका के चलते लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोरा खोला तो उसमें से जिंदा युवक निकला।
पुलिस का कहना है कि युवक ने मामले में तहरीर देने से इनकार कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामला पति-पत्नी के विवाद का लग रहा है। बताया जाता है कि मंगलवार को पति-पत्नी के बीच का विवाद कोतवाली में भी पहुंचा था।
युवक कालू (23) देवेंद्रपुरी नई कालोनी का रहने वाला है। एसआई जितेंद्र बालियान ने बताया कि बुधवार सुबह हापुड़ रोड रेलवे फाटक के पास बोरे में किसी के होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर बोरी खोली गई तो उसमें से एक युवक निकला।
कालू ने बताया कि मंगलवार रात निवाड़ी रोड पर उसे बाइक सवार दो युवक मिलें थे, जो उसे बाइक पर हापुड़ फाटक के पास ले आए और नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे बेहोश कर दिया था। एसआई का कहना है कि युवक ने मामले में किसी के विरुद्घ भी तहरीर देने से इनकार कर दिया है। इसके बावजूद पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है।