पकड़ी गई शराब को कविनगर थाने के पुलिसकर्मियों द्वारा बेचे जाने की शिकायत पर एसएसपी ने जांच बैठा दी। एसपी क्राइम ने शुक्रवार को कविनगर थाने का औचक निरीक्षण कर जांच की तो शराब कम मिली।
हेड मोहर्रिर थाने से गायब हो गया। एसपी क्राइम ने एसएसपी को रिपोर्ट दी तो हेड मोहर्रिर के खिलाफ कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसएसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि एक युवक की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है, शिकायत थी कि कुछ पुलिसकर्मी थाने में रखी शराब को बेच रहे हैं।
शिकायतकर्र्ता ने साक्ष्य भी दिखाए हैं। एसएचओ कविनगर अशोक सिसौदिया ने बताया कि एसपी क्राइम श्रवण कुमार शुक्रवार दोपहर थाने पहुंचे थे। उन्होंने जब्त की गई शराब का आंकड़ा लेकर शराब की पेटियों की गिनती करवाई।
गिनती में शराब की बोतलें जब्त की गई शराब से कम मिलीं। एसएसपी ने बताया कि रिपोर्ट दर्र्ज करने के साथ-साथ हेड मोहर्रिर यमुना प्रसाद के खिलाफ विभागीय जांच भी कराई जा रही है, उनके खिलाफ जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चर्चा थी कि हेड मोहर्रिर छापामारी के दौरान थाने की दीवार फांदकर भाग गए, हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इससे इंकार किया है।