क्षेत्र के गजेनपुर गांव में मंगलवार देर रात होली जलाने के विवाद के चलते दो पक्षों में जमकर पत्थरबाजी और हवाई फायरिंग हुई। मामले में बुधवार दोपहर एक बार फिर से दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इस दौरान एक युवक कट्टे की बट लग जाने से घायल हो गया।
गजेनपुर गांव निवासी विजय पासी, विक्रम पासी आदि ने सार्वजनिक चंदा जुटाकर गांव के बाहर होलिका दहन का आयोजन किया था। बताया गया है कि इस कार्यक्रम के लिए विरोधी गुट शिवम उर्फ खन्ना पासी आदि ने चंदा नहीं दिया। मंगलवार की देर रात अचानक होलिका में आग लगते ही दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुुंचे। जिसके बाद रात के अंधेरे में दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद ईंट पत्थर चलने लगे। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शरारती तत्वों की तलाश कराई।
इस दौरान गांव के चार लोगों को पकड़ पुलिस थाने भी लाई। घटना को लेकर गांव में पनपे तनाव को देखते हुए रात में ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बुधवार दोपहर पुलिस बल गांव में ही था कि तभी गांव के दूसरी छोर दोनों पक्षों में दोबारा मारपीट शुरू हो गई।
इस दौरान फायरिंग की आवाज सुन पुलिस मौके पर पहुंची पर हमलावर पुलिस को आता देख भाग निकले। मारपीट के दौरान कट्टे की बट लगने से विजय पुत्र कालिका प्रसाद गंभीररूप से घायल हो गए। जिसे उपचार के लिए तत्काल सीएचसी भेजा गया। घायल के भाई राजपाल की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस एसआई राजेश यादव ने बताया कि दोनों पक्षों में रंजिश चल रही है होलिका दहन के दौरान मारपीट हुई।