मंगलपुर थाना क्षेत्र के कस्बा झींझक के द्वारिका गंज मोहल्ले में शुक्रवार देर रात चोरों ने तीन घरों के ताले तोड़कर लाखों की नकदी व जेवर पार कर दिए। जानकारी होने पर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर क्षेत्राधिकारी डेरापुर मौके पर पहुंचे। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
शुक्रवार देर रात झींझक कस्बा के द्वारिकागंज मोहल्ला में रामकिशन पाल पुत्र सोने लाल का परिवार छत पर सो रहा था। इसी दौरान घर में घुसे चोरों ने बक्सों व आलमारी का ताला तोड़कर अंदर रखे दो लाख रुपये नकद व करीब तीन लाख कीमत के जेवर पार कर दिए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि एक मैजिक उनके दरवाजे के पास काफी समय तक खड़ी रही।
उसके बाद बदमाश राजीव श्रीवास्तव पुत्र अनिल स्वरूप के घर में घुस गए। यहां भी परिवार छत पर सो रहा था। चोरों ने यहां 15 हजार की नकदी, झुमकी, तीन अगूंठी, एक सोने की चेन, मंगलसूत्र आदि सामान पार कर दिया। बदमाशों ने यहां वारदात को अंजाम देने के बाद द्वारिकागंज निवासी सुशील तिवारी के घर को निशाना बनाया। चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर करीब सात हजार रुपये, तीन सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र आदि सामान पार कर दिया। पीड़ितों को जानकारी होने पर सूचना डायल 100 पर दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। इसके बाद क्षेत्राधिकारी डेरापुर माजिद अब्सार, रसूलाबाद थानाध्यक्ष जेपी यादव, चौकी प्रभारी झींझक विक्रम सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच की। मंगलपुर इंस्पेक्टर फाजिल सिद्दकी ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शीघ्र ही चोरी की इन घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।