भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुसरजापुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह गर्भवती थी। परिजनों ने ससुराल के लोगों पर दहेज को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर शाम तक तहरीर नहीं दी गई है।
चांदपुर-फतेहपुर के फरहतपुर निवासी शकील अहमद ने बताया कि पुत्री रेशमा (23) का विवाह गत 5 जून को कुसरजापुर निवासी इमरान के साथ किया था। वह गर्भवती थी। उसकी ससुराल वाले स्पेयर पार्ट्स की दुकान के दो लाख रुपये और बाइक की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसकी मारपीट कर हत्या कर दी गई। इसके बाद पति के अलावा ससुराल वाले घर से चले गए। मृतका के चाचा असलम, मोहम्मद फिरोज, मां नूरजहां, चाची रूकसार समेत अन्य परिजन भी आ गए। परिजन रेशमा का शव देखकर बिलख पड़े। सूचना पर पहुंचे कोतवाल देवेंद्रसिंह ने शव को कब्जे में लिया। नायब तहसीलदार संजय कुमार सिंह ने शव का पंचनामा भरवाया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम में चोटों की पुष्टि होने पर रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। कोतवाल देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के पति से पूछताछ की गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।