गलुआपुर गांव में सर्राफा व्यापारी की दुकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये के जेवर व नकदी चोरी के मामले में रोड पर जाम लगाने व पथराव करने वाले करीब 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
दस्तपुर चौकी इंचार्ज जवाहरलाल ने थाने में तहरीर देकर कहा है कि घटना के बाद अराजकतत्वों ने रूरा-डेरापुर मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब 35 अज्ञात लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया तो उनके साथ मारपीट पर आमादा हो गए।
आरोपियों के खिलाफ बलवा, सेवेन क्रिमिनल एक्ट, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने समेत कई गंभीर धाराएं लगाई हैं। थानाध्यक्ष शिवकांत शुक्ला का कहना है कि मामले की छानबीन चल रही है। घटना के बाद बवाल करने वाले उपद्रवियों को चिह्नित किया जा रहा है। उनके खिलाफ पुख्ता सुबूत जुटाने के बाद ठोस कार्रवाई की जाएगी।
उधर, घटना को लेकर मंगलवार को पूरे दिन दुकान के आसपास पीएसी बल तैनात रहा। गली में घूम-घूमकर पीएसी के जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं स्थानीय पुलिस मामले को लेकर नजर बनाए हुए है।