पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम दौर के मतदान के लिए मंगलवार की शाम तक सभी मतदान केंद्रों में पोलिंग पार्टियां पहुंच गईं। सुबह घना कोहरा पड़ने से कुछ देर के लिए व्यवस्था बनाने में अड़चन आई।
लेकिन, जैसे ही कोहरा कुछ कम हुआ तभी, अधिकारियों ने सक्रियता के साथ पोलिंग पार्टियों को रवाना करवाने का कार्य शुरू करवाया।
ग्राम प्रधान और पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए घाटमपुर और पतारा विकास खंड की ग्राम पंचायतों में आज (बुधवार) को मतदान होना है।
सुबह 8 बजे से शुरू होने वाले मतदान के लिए मंगलवार की सुबह 10 बजे से पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री और मतपेटियां देने का कार्य शुरू किया गया।
सुबह गिर रहे घने कोहरे और मौसम खराब होने की आशंका से परेशान अधिकारियों ने जैसे ही मौसम साफ हुआ। तभी, आनन-फानन पोलिंग पार्टियों को वाहनों में बैठाकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना करवाना भी शुरू कर दिया। दोपहर 2 बजे तक अस्सी फीसदी पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया।
दोपहर में जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा और एसएसपी शलभ माथुर ने भी पतारा और घाटमपुर का दौरा करके पोलिंग पार्टियों के रवाना होने की स्थिति का जायजा लिया।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शत्रुघ्न सिंह, एसपी (ग्रामीण) एसएन तिवारी के अलावा उपजिलाधिकारी कमलेशचंद्र बाजपेई के अलावा व्यवस्था के लिए तैनात किए गए सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने पूरे क्षेत्र का भ्रमण करके शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करवाने की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया।