गोपाष्टमी पर क्षेत्र के नौरंगा कस्बे में परंपरागत मेला लगा और गायों की प्रदर्शनी आयोजित की गई। उन्नत किस्म की गायों के पशुपालकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
हुसेना गांव निवासी किलोर सिंह यादव को प्रथम, सतपुरवा गांव के रामबाबू को द्वितीय और हुसेना गांव के ज्ञानसिंह को तीसरा पुरस्कार मिला।
ग्राम प्रधान अमरनाथ सचान, चमन लाल गुप्ता, उमाशंकर प्रजापति, मुन्ना मिश्रा, और पूर्व ग्राम प्रधान नौशाद आलम ने बताया कि इस वर्ष गोपाष्टमी के दिन साप्ताहिक बाजार पड़ने के बावजूद समय से कार्यक्रम संपन्न कराए गए।
भीतरगांव ब्लाक की पूर्व जेष्ठ प्रमुख आशा देवी सचान ने गोपूजन करके समारोह की शुरुआत की। उन्होंने गायों को आटे की लोई और गुड़ खिलाने के साथ उनके माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारी।
पशु चिकित्सक डा. सतीश सचान की अगुवाई में अच्छी नस्ल की गायों का चयन कर गोपालकों को पुरस्कृत किया। गायों के चयन और निर्णायक मंडल में राजाबेटा पाठक, सुरजन सिंह यादव, सुरेंद्र सचान और डा. अखिलेश सचान शामिल रहे।