तमंचे के बल पर गुरुवार की रात मंगलपुर थाना क्षेत्र के खम्हैला रोड पर बदमाशों ने दो बाइक सवार दंपति और महिला रिश्तेदार से लाखों रुपये के जेवर लूट लिए। विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
कस्बा के भोला नगर मोहल्ला निवासी सर्वेशपाल अपनी बाइक पर पत्नी सरिता पाल के साथ खम्हैला गांव निवासी साढू राकेश पाल के पुत्र के जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहा था। साथ में दूसरी बाइक पर दिबियापुर गांव निवासी राहुल पुत्र बाबू सिंह मौसी रीता पत्नी शिव सिंह निवासी मचमटियान जा रहा था।
दोनों बाइक सवार जैसे ही झींझक-खम्हैला रोड स्थित इंटर कालेज के पास पहुंचे। पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर दोनों बाइक रोक ली। इसके बाद एक बदमाश ने तमंचा लगाकर राहुल व सर्वेश को एक तरफ खड़ा कर दिया, जबकि दो बदमाशों ने महिलाओं से सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठी, झुमकी आदि जेवर लूटकर दोनों महिलाओं को तमंचा की बट से हमला कर घायल कर दिया।
बदमाश झींझक की तरफ फरार हो गए। घटना की जानकारी 100 पर दी। मौके पर पहुंचे 100 नंबर की गाड़ी ने दोनों महिलाओं को सीएचसी में भर्ती कराया। चौकी प्रभारी झींझक संतोष कुमार आर्य ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।