घाटमपुर (कानपुर)। शनिवार की शाम खेतों में बकरियां चरा रही एक युवती से एक गांव के दो युवकों ने शराब के नशे में छेड़खानी की। उसके शोर मचाने पर पिता दौड़े और विरोध किया तो आरोपियों ने उसे पीटकर घायल कर दिया। कोतवाली में युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। घर से फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
कोतवाली की पुलिस चौकी रेउना के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि शनिवार शाम 5 बजे वह खेत पर बकरियां चरा रही थी। उसका पिता थोड़ी दूर पर स्थित दूसरे खेत पर काम कर रहा था। तभी गांव के ही दो युवक जसवंत सिंह और शमशेर उर्फ बब्ली सिंह शराब के नशे में धुत होकर वहां आए। आरोप है कि दोनों ने युवती के साथ छेड़खानी शुरू कर दी।
युवती ने शोर मचाया तो बगल के खेत में काम कर रहा उसका पिता और कुछ अन्य लोग उधर दौड़े। युवती का आरोप है कि दोनों युवकों ने उसके पिता को पीटकर घायल कर दिया। कोतवाल हरमीत सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ और एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
युवती से छेड़छाड़ कर पिता को पीटा, रिपोर्ट
- शराब के नशे में धुत होकर आए थे आरोपी
- छेड़खानी और दलित उत्पीड़न में मुकदमा दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो