क्यूएफएक्स और अन्य कंपनियों में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपी लविश उर्फ नवाब की गिरफ्तारी के लिए ईडी ने लुक आउट नोटिस जारी कराया है। लविश दुबई में छिपा है। वहीं नवाब के खिलाफ भी लुक आउट नोटिस जारी कराया गया है, ताकि वह विदेश न भाग सके। ईडी ने बुधवार को नवाब से 15 घंटे पूछताछ की। इस दौरान नवाब के 13 खातों में 35 लाख से अधिक की रकम मिली है।
विज्ञापन
Trending Videos
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे चंड़ीगढ़ सेक्टर 70 की ईडी टीम ने पैरामिलिट्री फोर्स के साथ शामली के मोहल्ला सलेक विहार में छापा मारा था। यहां पर हिमाचल प्रदेश में क्यूएफएक्स और अन्य कंपनियों में निवेश के नाम पर 210 करोड़ से अधिक की ठगी के मामले में डांगरौल स्थित नवाब के मकान में जांच की थी। यहां से 94 लाख रुपये बरामद हुए थे।
ईडी के अधिकारियों के अनुसार जांच में सामने आया है कि शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत के 17 एजेंट नवाब के संपर्क में थे, जो लोगों को बहलाकर उनसे कंपनी में रुपये इनवेस्ट करा रहे थे। सभी की जांच कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं जिन-जिन लोगों ने नवाब के खाते में रुपये भेजे, उनकी जांच भी शुरू कर दी गई है।
मंडी थाने में दर्ज मामले की जांच में ठगी का चला पता
ईडी के अधिकारियों के अनुसार नवंबर 2023 में हिमाचल प्रदेश के मंडी थाने में गौरव सैनी और अन्य लोगों ने क्यूएफएक्स कंपनी के डायरेक्टर समेत तीन के खिलाफ 210 करोड़ से अधिक की ठगी का मामला दर्ज कराया था। जांच में गिरोह का सरगना लवशि चौधरी निकला था, जो अब अन्य कंपनियों में लोगों से रुपये इनवेस्ट करा रहा है। शामली का नवाब उसके लिए पिछले काफी समय से काम कर रहा है।
सरगना लविश बोला, आरोप बेबुनियाद, फंसाया जा रहा
दुबई में बैठे सरगना लविश उर्फ नवाब अली ने बताया कि ईडी गलत तरीके से फंसाने का प्रयास कर रही है। क्यूएफएक्स से हमारा कोई लेना देना नहीं है। वह राजेंद्र सूद का मामला है। उस कंपनी में तीन डायरेक्टर थे, उनकी भी मैंने मदद की थी, जो भी कंपनियां मैं चला रहा हूं, किसी में भी धोखाधड़ी नहीं की है। राजनीति के तहत ही मुझे फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
रिटायर अध्यापक हैं नवाब के पिता
डांगरौल गांव के नवाब के पिता नूरदीन रिटायर अध्यापक हैं, उनकी तैनाती पूर्व में कांधला के प्राइमरी स्कूल में थी।
ये है लुकआउट सर्कुलर
जिस आरोपी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी होता है, उसका सत्यापन स्थानीय पुलिस करती है। वांछित के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सीमाओं जैसे हवाई अड्डों या समुद्री बंदरगाहों पर जांच की जाती है। उसकी यात्रा पर रोक लगाकर एलओसी जारी करने वाली पुलिस को उसकी रिपोर्ट सौंपी जाती है। वांछित की गिरफ्तारी के लिए दोनों देशों की पुलिस आपसी सहयोग करती है।
शहर छोड़कर नहीं जाएगा नवाब, विदेश जाने पर रहेगी रोक
ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि लविश के साथ-साथ नवाब को भी लुक आउट नोटिस जारी कराया गया है। नवाब को अभी इस शर्त पर छोड़ा गया है कि वह मामले की जांच में सहयोग करेगा। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, वह शामली छोड़कर नहीं जाएगा। साथ ही विदेश जाने पर भी रोक रहेगी। सभी एयरपोर्ट पर भी इसकी जानकारी दी जा रही है।