कोहरे-दुर्घटना की वजह से घटाई जा सकती है एक्सप्रेस-वे पर स्पीड लिमिट
कोहरे की वजह से एक्सप्रेस-वे पर बढ़ते हुए हादसों को रोकने के लिए यूपीडा गाड़ियों की स्पीड लिमिट घटा सकता है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रदेश के सभी एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट को 120 किलोमीटर प्रति घंटा से घटाकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा किए जाने का प्रस्ताव यूपीडा ने शासन को भेजा है। हालांकि अभी शासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी है। यूपीडा के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक आमतौर पर 15 फरवरी तक घना कोहरा रहता है। अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तब तक स्पीड लिमिट घटाकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा की जा सकती है। मौजूदा समय में यूपीडा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे संचालित करता है। गौरतलब है कि घने कोहरे के चलते एक्सप्रेस-वे पर लगातार हादसों की संख्या बढ़ रही है। जिसके चलते यूपीडा ने शासन को स्पीड लिमिट घटाने का प्रस्ताव भेजा है।
रामपुर: स्कूल 20 तक बंद, मुरादाबाद-संभल में समय बदला
कड़ाके की ठंड की वजह से रामपुर में 20 दिसंबर तक कक्षा आठ तक के बच्चों के लिए छुट्टी कर दी गई है। जबकि मुरादाबाद और संभल जनपद में स्कूलों के समय में परिवर्तन कर दिया गया। अब कक्षा आठ तक के स्कूल सुबह दस बजे खुलेंगे। पिछले तीन दिन से पड़ रही कड़ाके की ठंड के कारण बच्चों को सुबह जल्दी स्कूल जाने में परेशानी हो रही थी। इसको लेकर अभिभावक लगातार स्कूलों के समय परिवर्तन या छुट्टी की मांग कर रहे थे। मौसम विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनजर रामपुर के डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने जिले में आठवीं तक के स्कूलों में 20 दिसंबर तक अवकाश घोषित कर दिया है। अब स्कूल 22 दिसंबर को खुलेंगे। साथ ही आदेश नहीं मानने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। डीएम ने बताया कि यह अवकाश सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी स्कूलों के लिए है। इस दौरान अगर कोई विद्यालय खुला पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बरेली: कोहरे का रेड अलर्ट
कड़ाके की सर्दी के साथ घने कोहरे की भी मार शुरू हो गई है। बुधवार को बरेली प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां दिन का पारा सामान्य से 8.1 डिग्री नीचे गिरकर 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 13.8 डिग्री तापमान के साथ शाहजहांपुर दूसरे स्थान पर रहा। यहां दिन के तापमान में सामान्य से 7.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को सुबह से ही बरेली समेत पूरे मंडल में कोहरा छाया हुआ है। सर्द हवा चलने से गलन बढ़ गई है। सर्दी के कारण सुबह नौ बजे तक लोग घरों में दुबके रहे।
बरेली में आठवीं तक स्कूल बंद
सर्दी और कोहरे को देखते हुए बरेली जिले में कक्षा एक से आठवीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। वहीं पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं और लखीमपुर खीरी में स्कूलों का समय बदला गया है। इन जिलों में सुबह 10 बजे से स्कूल खुलेंगे।
कोहरे-ठंड को लेकर सीएम ने अफसरों को फील्ड में अलर्ट रहने के दिए निर्देश
मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोहरे और ठंड को लेकर प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने मंडलायुक्त, आईजी, डीएम, पुलिस, ट्रैफिक और नगर निकाय अधिकारियों से कहा कि जनजीवन, यातायात और निराश्रितों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सीएम ने बुधवार को उच्चस्तरीय बैठक में हाईवे व एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, ब्लैक स्पॉट पर अतिरिक्त सतर्कता, क्रेन व एंबुलेंस 24 घंटे उपलब्ध रखने और टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर से कोहरे की चेतावनी देने के निर्देश दिए।
इन जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट और शीत दिवस की चेतावनी
गोरखपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बिजनाैर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर में घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
बरेली: नौ ट्रेनें निरस्त, 20 गाड़ियों ने कराया इंतजार
कोहरे और शीतलहर के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। बरेली होकर गुजरने वाली अप-डाउन नौ गाड़ियां बुधवार को निरस्त रहीं। बिहार, पूर्वांचल, पंजाब, जम्मू की ओर जाने-आने वाली 20 से ज्यादा गाड़ियों ने यात्रियों को इंतजार कराया। 12327 उपासना एक्सप्रेस, 64177 बरेली-मुरादाबाद पैसेंजर, 54075 बरेली-दिल्ली पैसेंजर, 15128 काशी विश्वनाथ, 15910 अवध-असम, 15074 त्रिवेणी, 14618 जनसेवा, 18104 टाटानगर और 14003 मालदा टाउन एक्सप्रेस निरस्त रहीं। 12469 कानपुर-जम्मूतवी सुपरफास्ट तीन घंटे देरी से आई।