कानपुर से नई दिल्ली जा रही जनसाधारण एक्सप्रेस (अप) में जसवंतनगर और बलरई रेलवे स्टेशन के बीच लूटपाट के दौरान ट्रेन से कूदे पांच यात्रियों की डाउन लाइन पर आ रही राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई।
जनसाधारण एक्सप्रेस (अप) जसवंतनगर व बलरई रेलवे स्टेशन के बीच पहुंची थी कि अचानक उसमें लूटपाट होने लगी। इसी दौरान किसी ने चेन पुलिंग कर दी।
ट्रेन गति धीमी होते ही पांच यात्री कूद गए, जिनकी अप लाइन पर आ रही राजधानी की चपेट में आने से मौत हो गई।
बलरई क्षेत्र के गांव कोराखर के ग्रामीणों ने बताया कि बदमाशों ने ट्रेन में लूटपाट की। ट्रेन से फायरिंग की आवाज भी आ रही थी। गांव वाले बाहर निकले लेकिन ट्रेन रफ्तार में जा रही थी।
रेलवे अधिकारियों ने लूटपाट की वारदात की पुष्टि नहीं की। एसओ जीआरपी टूंडला रुकुम पाल सिंह यादव ने बताया कि घटना में पांच लोगों की मौत की सूचना है। गार्ड और चालक ने बताया कि ट्रेन में आग लगी थी। इससे भयभीत होकर यात्री कूद गए।