उत्तर प्रदेश में बतौर मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने 2005 में बिजली उत्पादन में इजाफा करने के लिए पारीछा में जिन दो नई इकाइयों की स्थापना का सपना देखा था, वह उनके पुत्र अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्व काल में पूरा हो गया।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को महोबा में लैपटॉप वितरण के मौके पर पारीछा में स्थापित की गई 250-250 मेगावाट क्षमता की दो नई इकाइयों का विधिवत लोकार्पण किया।
हालांकि इन दोनों इकाइयों से प्रदेश को पहले से ही बिजली मिल रही है लेकिन मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पण की औपचारिकता मंगलवार को पूरी कराई गई।
इन इकाइयों के लगने के बाद पारीछा बिजलीघर की कुल उत्पादन क्षमता 640 से बढ़कर 1140 मेगावाट हो गई है।
झांसी के पारीछा बिजलीघर में 250-250 मेगावाट की दो नई इकाइयां लगाने की कवायद मुलायम सिंह यादव के पिछले शासनकाल में शुरू हुई थी। दिसंबर 2005 में मुलायम सरकार ने इसकी मंजूरी दी थी।