रफ़रोजाबाद ! थाना उत्तर क्षेत्र के भगवान नगर में युवक की संदिग्ध मौत के बाद जिला अस्पताल में परिज?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। मोहल्ला भगवान नगर टापापैंठ निवासी 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई। सूचना पर थाना पुलिस के साथ एसपी सिटी और सीओ सिटी मौके भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। मामले में युवक के परिजनों ने मोहल्ले के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
थाना उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला भगवान नगर टापापैंठ निवासी सुरजीत पुत्र आंनद कुमार की सोमवार सुबह गोली लगने से मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र, सीओ सिटी हरिमोहन सिंह और थानाध्यक्ष उत्तर अनूप कुमार भारतीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों ने सुरजीत की हत्या का आरोप मोहल्ले के ही कुछ लोगों पर लगाया है। पीड़ित परिजनों का कहना है कि श्वान द्वारा गली में गंदगी करने पर आरोपी पक्ष से रविवार को सुरजीत का झगड़ा हुआ था। झगड़े को मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने शांत कराया। इसी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। सीओ सिटी हरिमोहन सिंह का कहना है कि परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
युवक का शव घर के अंदर चारपाई पर पड़ा मिला है। युवक के गोली कान के पास लगी थी। शव के पास से ही तमंचा बरामद किया गया है। इसलिए मामला संदिग्ध है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर जांच कराई जाएगी।