शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। स्टेशन रोड स्थित लोअर गंग नहर के समीप एक युवती ने अचानक पुलिस जीप से उतर कर नहर में छलांग लगा दी। युवती को नहर में कूदता देख पुलिस कर्मियों के भी हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में मौके पर मौजूद युवकों ने नहर में छलांग लगाई और युवती को सकुशल बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस कर्मी युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर थाने लौट गए।
मटसेना थाना क्षेत्र अंतर्गत मटसेना गांव में सोमवार सुबह एक युवती सुबह अकेली घूमती मिली। स्थानीय लोगों ने युवती को बाहर का समझ कर अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस को जानकारी दी। जानकारी पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवती को अपने साथ लेकर थाने पहुंची। यहां युवती से पूछताछ की। युवती ने बताया कि वह परिजनों से नाराज होकर घर से निकल आई है। अब वह घर जाएगी तो परिवार के लोग उसकी पिटाई करेंगे। इस डर से वह इधर-उधर घूम रही है।
पुलिस ने युवती को समझाया और अपने साथ जीप में बैठाकर युवती को शिकोहाबाद के मोहल्ला काजीटोला में परिजनों के सुपुर्द करने जा रही थी। स्टेशन रोड स्थित नहर पुल पर जाम होने के कारण चालक ने जीप को धीमा किया। इसी दौरान मौका पाकर युवती जीप से उतरी और दौड़ लगाकर पुल से नहर में छलांग लगा दी। युवती के नहर में छलांग लगाते ही पुलिस कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने नहर में कूदकर युवती को बचाया।
पुलिस युवती को लेकर उसके घर पहुंची और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष वीरेंद्र पाल ने बताया कि युवती को पुलिस कर्मी घर पहुंचाने गए थे। परिजनों के डर से युवती नहर में कूद गई थी। उसे बचा लिया गया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।