फिरोजाबाद। मटसेना थाना क्षेत्र के गांव मटामई निवासी महिला की उसके पति ने गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ससुरालीजन शव को घर के अंदर छोड़कर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
इटावा के जसवंतनगर थाना क्षेत्र के गांव नगला महासुख निवासी सरस्वती का विवाह चार वर्ष पूर्व मटसेना थाना क्षेत्र के गांव मटामई निवासी विकास से हुआ था। सरस्वती के मामा के बेटे जितेंद्र ने बताया कि शादी के बाद से ससुरालीजन दहेज के लिए परेशान करते थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर शुक्रवार को पति ने परिजनों के साथ बुआ की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर के अंदर छोड़कर भाग गए। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष मटसेना अंजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सांस रुकने और गले में गला दबाने के निशान मिले है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पति सहित आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी फरार हो गए है, पुलिस जल्द ही उनकी गिरफ्तारी करेगी।