शिकोहाबाद। प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश ने रविवार रात हिंसक रूप ले लिया। नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव हैवतपुर-करखा में घर के बाहर बैठी एक महिला को चुनावी रंजिश के चलते गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हालांकि पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
सपना देवी निवासी हैवतपुर-करखा करीब 15 दिन पहले ही अपने मायके आई हुई थी। सपना के अनुसार रविवार रात वह घर के बाहर बैठी थी। तभी गांव के ही तीन लोग शराब के नशे में वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। परिजनों के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचे से गोली चला दी। गोली सपना के पैर में जा लगी। आवाज सुनकर गांव में खलबली मच गई और ग्रामीणों को इकट्ठा होते देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
नसीरपुर इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल महिला को संयुक्त चिकित्सालय भिजवाया। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। पीड़िता ने गांव के ही तीन लोगों पर सीधा आरोप लगाया है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि अभी मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।