फिरोजाबाद। रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला संतोषनगर निवासी महिला की प्रसव के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कर दिया।
कीर्ति पुत्री रघुवीर इटावा जिले के मोहल्ला करमगंज की रहने वाली थी। डेढ़ साल पूर्व उसका विवाह रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला संतोष नगर निवासी जितेंद्र से हुआ था। कीर्ति के पिता रघुवीर ने बताया कि बेटी कीर्ति को रविवार को प्रसव पीड़ा हुई। एक नर्सिंग होम में काम करने वाली मुन्नी नामक महिला उसे रामगढ़ थाना क्षेत्र के आकाशवाणी रोड संचालित एक नर्सिंग होम में ले गई थी। यहां कुछ देर बाद कीर्ति की मौत हो गई। परिवारीजनों ने चिकित्सक की लापरवाही के कारण मौत का आरोप लगाया है।
कीर्ति की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने हंगामा कर दोषी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। सूचना पर रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रामगढ़ हरर्वेश मिश्रा का कहना है कि महिला की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।