फिरोजाबाद। जिले की 120 ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालय की शुरूआत शीघ्र होगी। डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने एडीओ पंचायत की समीक्षा बैठक में सामुदायिक शौचालय एवं पंचायत सचिवालय के निर्माण की समीक्षा की। उन्होंने कहा ग्राम सचिवालय की स्थापना होने के साथ पंचायत सहायक के साथ ग्राम स्तरीय कार्यकर्ताओं की तैनाती रोस्टर के अनुसार जिलाधिकारी के निर्देश पर होगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज कुमार सिन्हा ने बुधवार को जिले के सभी नौ ब्लॉकों के एडीओ पंचायत के साथ बैठक की। समीक्षा के दौरान जिले की सभी नौ ब्लॉकों में फर्नीचर के साथ तैयार होने वाले ग्राम सचिवालय की रिपोर्ट तलब की। इसमें पाया कि जिले के सभी नौ ब्लॉकों में 120 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन के अंदर ग्राम सचिवालय फर्नीचर के साथ तैयार हो गए हैं।
इन ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक के साथ अन्य ग्राम स्तरीय कार्यकर्ताओं को रोस्टर बनाकर प्रतिदिन उपस्थिति के साथ इसकी शुरूआत एक सप्ताह के अंदर कर दी जाएगी। उन्होंने इसके साथ ग्राम पंचायतों में बनाए जा रहे सामुदायिक शौचालय भवन के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने गांव में बनाए गए अंत्येष्टि स्थल के बारे में प्रगति रिपोर्ट ली। डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि जिले के 266 पंचायतों में पंचायतघर बनकर तैयार हो गए हैं।
इनमें फर्नीचर लगाने के साथ नवंबर माह में ग्राम सचिवालय की स्थापना करा दी जाएगी। उन्होंने इसके साथ ही सामुदायिक शौचालय भवनों को स्वयं सहायता समूह को संचालित किए जाने की जिम्मेदारी सौंपे जाने की समीक्षा की। डीपीआरओ ने जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक का चयन अभी तक नहीं हो सका है उनका चयन प्राथमिकता के आधार पर करने की हिदायत दी। एडीओ पंचायत रामशंकर टूंडला, फिरोजाबाद राकेश सिंह, इंद्रलता तोमर, राकेश कुमार निर्मल, निर्मल यादव, सुरेंद्र सिंह, रक्षपाल सिंह, साबिर अली आदि शामिल थे।