उप-मुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) बृजेश पाठक
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बाबा नीब करोरी के वचन सनातन संस्कृति को मजबूत कर रहे हैं। उन्हीं के आशीर्वाद से सनातन संस्कृति का ध्वज पूरे विश्व में लहरा रहा है। यह बात प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कही। वह बाबा नीब करोरी महाराज के जन्मोत्सव के मौके पर बृहस्पतिवार को उनकी जन्मस्थली गांव अकबरपुर, टूंडला पहुंचे थे।
यहां आकर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक बाबा के चरणों में नतमस्तक हुए और पूजा की। बाबा के परिजन से मुलाकात के बाद उन्होंने बाबा नीब करोरी महाराज के जीवन और संदेश पर बनी एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा का ध्यान संकट हरता है और परेशान जनमानस को रास्ता दिखाता है। एप्पल कंपनी के मालिक से लेकर आम जनमानस के हृदय में बाबा निवास करते हैं।
बाबा ने 13 वर्ष की उम्र में छोड़ दिया था घर
जन्मोत्सव समारोह में शामिल होने आगरा से अकबरपुर आए बाबा नीब करोरी महाराज के दामाद जगदीश भटेले ने बाबा के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। कहा, बाबा नीब करोरी का असली नाम पंडित लक्ष्मीनारायण था। उन्होंने 13 वर्ष की उम्र में ही घर छोड़ दिया था लेकिन वह गांव में आते-जाते रहते थे। उनकी शादी भी हुई थी। 1967 में इकलौती बेटी गिरिजा देवी शर्मा की शादी में कन्यादान भी किया था। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मंदिर दर्शन के बाद बाबा के ध्यान केंद्र में कुछ देर तक रुके। उन्होंने बाबा नीब करोरी की बेटी गिरिजा देवी भटेले एवं उनके दामाद जगदीश भटेले से भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद डिप्टी सीएम ने मंच पर दामाद जगदीश भटेले का स्वागत भी किया। डिप्टी सीएम की पत्नी नम्रता पाठक का स्वागत मंच का संचालन कर रहीं डॉ. रुचि चतुर्वेदी ने किया।
ग्रामीण आज भी बाबा को मानते हैं प्रधान
अकबरपुर गांव के बुजुर्ग ग्रामीणों के अनुसार, बाबा नीम करोरी महाराज बजरंग बली के भक्त थे और उनका प्रभाव इतना था कि जब बिना मत डाले प्रधान चुन लिए जाते थे। ग्रामीण रामदीन ने बताया कि उस समय वह निर्विरोध गांव के प्रधान भी बने रहे थे। अकबरपुर निवासी श्रीकृष्ण का कहना है कि हम लोग तो आज भी उनको प्रधान की नजर से देखते हैं। गांव स्थित आश्रम पर प्रतिवर्ष भंडारा होने के साथ पूजा अर्चना करने हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
आज होगा भंडारा
बाबा नीब करोरी की 125वीं जयंती पर उनकी जन्मस्थली अकबरपुर स्थित मंदिर में शुक्रवार सुबह 8 बजे अखंड रामायण पाठ का विश्राम होगा। इसके बाद सुबह 10 बजे भोग प्रसाद और 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक भंडारा होगा। आयोजकों ने करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद जताई है।
एमएलसी ने किया डिप्टी सीएम का स्वागत
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक एवं पत्नी नम्रता पाठक का बृहस्पतिवार को उसायनी स्थित होटल में एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे ने टीम के साथ स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री ने इस दौरान फिरोजाबाद के संगठन के बारे में चर्चा की। डिप्टी सीएम पर स्वास्थ्य मंत्री का भी प्रभार है। उनके आगमन पर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट था। उसायनी, सरकारी ट्रामा सेंटर और मेडिकल कॉलेज में सभी व्यवस्थाएं कर ली गई थीं। डिप्टी सीएम के जिले से जाने की सूचना मिलने के बाद ही स्टाफ ने राहत की सांस ली।