यूपी बोर्ड ने दिया मौका, 19 मई तक किए जा सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। अगर आप यूपी बोर्ड 2025 के घोषित परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट हैं तो उत्तर पुस्तिकाओं की स्क्रूटनी (सन्निरीक्षा) करा सकते हैं। इसके लिए छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 19 मई निर्धारित की गई है। परीक्षार्थियों को स्क्रूटनी शुल्क चालान के माध्यम से जमा करना होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक धीरेंद्र यादव ने बताया कि बोर्ड ने स्क्रूटनी शुल्क 500 रुपये प्रति प्रश्नपत्र की दर से (लिखित एवं प्रयोगात्मक खंड के लिए अलग-अलग) निर्धारित की है। असंतुष्ट अभ्यर्थी जिन विषयों के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उनके लिए निर्धारित शुल्क चालान के माध्यम से राजकीय कोषागार में जमा करना होगा। इसके बाद ऑनलाइन भरे स्क्रूटनी आवेदन के विवरणों को डाउनलोड कर उसके प्रिंट आउट के साथ स्क्रूटनी के लिए जमा किए गए शुल्क के मूल चालान पत्र को उसके सत्यापन के लिए आवेदन की हार्डकॉपी के साथ संलग्न कर उसे रजिस्टर्ड डाक से परिषद के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को निर्धारित तिथि 19 मई तक भेजना होगा। उन्होंने बताया कि बोर्ड का स्पष्ट निर्देश है कि क्षेत्रीय कार्यालय को सीधे, कूरियर अथवा डाक के माध्यम से प्रेषित कोई भी ऑफलाइन आवेदन न भेजा जाए, नहीं तो उन्हें स्वीकार नहीं किया जाएगा।