जिला अस्पताल के अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर लगी मरीजों की भीड
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। दर्द आज है, लेकिन अल्ट्रासाउंड 15 दिन बाद ही होगा। यह हालात हैं मेडिकल कॅालेज के। यहां सुबह करीब साढ़े दस बजे तक अल्ट्रासाउंड शुरू ही नहीं हो पाते हैं। इससे मरीजों को इधर उधर भटकना पड़ता है।
मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे तक किसी का अल्ट्रासाउंड नहीं किया गया। जबकि सुबह आठ बजे से ही मरीज अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर डेरा डाले थे। सभी को एक अप्रैल का समय दिया जा रहा था। कुछ मरीजों ने स्टाफ को अपना दर्द बताया और अल्ट्रासाउंड कराने को कहा। लेकिन स्टाफ ने बताया कि 650 से अधिक मरीज अल्ट्रासाउंड कराने के लिए वेटिंग लिस्ट में हैं। जो तारीख दी गई है उसी समय में अल्ट्रासाउंड हो पाएगा।
रेडियोलॉजिस्ट की है कमी
फिरोजाबाद। अल्ट्रासाउंड करने के लिए अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की कमी है। एक ही रेडियोलॉजिस्ट है जो पहले एक्सर-रे करता है। बाद में अल्ट्रासाउंड करते हैं। इसी के चलते यह समस्या ज्यादा बढ़ती है। मरीज और मेडिकल कॉलेज के स्टाफ के मुताबिक अल्ट्रासाउंड सुबह 11 बजे से शुरू होते हैं और 12:30 या एक बजे बंद कर दिये जाते हैं। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण दिन-प्रतिदिन वेटिंग लिस्ट बढ़ती जाती है। किसी के पास रुपये हैं तो वह प्राईवेट सेंटर पर जाकर अल्ट्रासाउंड करवा लेता है। अन्यथा मरीज इंतजार ही करते रहते हैं।
वर्जन
अल्ट्रासाउंड के लिए रेडियोलॉजिस्ट की कमीं है। एक चिकित्सक को ज्वाइन करने के लिए कहा है। लेकिन उसने ज्वाइन नहीं किया है। इस कारण अल्ट्रासाउंड कराने में थोड़ी दिक्कत आ रही है। शीघ्र ही इस समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा।
डा. संगीता अनेजा, प्राचार्य मेडिकल कालेज
मरीजों का दर्द
तिलक नगर निवासी विमल कुमार का कहना है कि अल्ट्रासाउंड कराने के लिए निर्धारित तिथि पर सुबह आठ बजे आ गया। बिना खाए आने को कहा था। किंतु 10.20 हो गए हैं। किंतु अभी तो अल्ट्रासाउंड भी शुरु नहीं हुए हैं। पूरा दिन अल्ट्रासाउंड कराने में निकल जाएगा, फिर चिकित्सक को।
नगला गोला निवासी टीटू का कहना है कि मुझे पेट में एक माह से तेजी से दर्द है। पहले चिकित्सक को दिखाने के लिए मशक्त करनी पड़ी। उन्होंने अल्ट्रासाउंड लिख दिया तो एक अप्रैल को आने को कह दिया है। समझ नहीं आ रहा है कि तब तक दर्द ही झेलू। अब डाक्टर साहब ने कह दिया है कि रिपोर्ट आने पर ही सही इलाज होगा।