फिरोजाबाद। उत्तर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुभाष कालोनी में मकान खाली कराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक पक्ष ने साथियों के साथ दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान एक युवती सहित चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर मौके से भाग गए। पुलिस घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर आई।
दक्षिण कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी निवासी रामशंकर का उत्तर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुभाष कॉलोनी में मकान है। रामशंकर का परिवार सुहाग नगर में निवास करता है। जबकि सुभाष कॉलोनी वाले मकान में राहुल और सरफो पिछले करीब दो साल से किराए पर रह रहे हैं। मकान खाली कराने को लेकर राहुल और रामशंकर के बीच काफी समय से विवाद भी चला आ रहा है। इस संबंध में रामशंकर द्वारा एक प्रार्थनापत्र पूर्व में उत्तर थाना पुलिस को भी दिया जा चुका है। शुक्रवार को रामशंकर पक्ष के लोग मकान खाली कराने के लिए गए थे। रामशंकर पक्ष के लोग जबरन मकान खाली करा रहे थे।
तभी राहुल पक्ष के लोगों ने रामशंकर पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान राम सुधीर, चंदन व नीरज के साथ रेखा भी घायल हो गई। इस बीच काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर थाना उत्तर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं मकान में रखे सामान में तोड़फोड़ करने के साथ ही राहुल और सरफो के मकान में रखा सामान भी फेंक दिया गया। कोतवाल उत्तर अनूप भारतीय का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।