जसराना (फिरोजाबाद)। थाना जसराना के गांव दयापुर में शुक्रवार देर शाम एक किशोरी ने कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं गांव नगला मदना में भी एक ग्रामीण ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना जसराना के गांव दयापुर निवासी दिनेश चंद्र अपने साढू़ की पुत्री के शादी समारोह में शामिल होने के लिए पत्नी के साथ शिकोहाबाद गए थे। शुक्रवार शाम को उनकी पुत्री रोशनी (17) ने कमरे में बंद होकर पंख के कुंदे से लटककर दुपट्टे से फंदा लगा लिया। जानकारी होने पर छोटी बहन ने चीखना शुरू किया तो ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पुत्री की मौत की जानकारी मिलने पर दिनेश पत्नी के साथ गांव आ गए। थाना जसराना से पुलिस फोर्स भी आ गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं थाना जसराना क्षेत्र के गांव नगला मदना निवासी सतेंद्र सिंह (45) पुत्र कोमल सिंह परिवार सहित आगरा में रहकर जूता फैक्टरी में कार्य कर रहे थे। पांच वर्ष पूर्व हादसे में उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। शनिवार की सुबह उनका शव गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने किशोरी एवं ग्रामीण ने फंदा लगाकर जान दी है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। किशोरी के परिजन फांसी लगाने का कारण नहीं बता पा रहे हैं।