सिरसागंज। पुरानी रंजिश में दो भाइयों की जान आफत में पड़ गई। दावत खाने जा रहे चचेरे भाइयों को रास्ते में घेरकर आरोपियों ने रायफल और तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 20 मिनट तक गोलियां चलने से दोनों भाइयों में दहशत फैल गई। उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। मामले में पीड़िता की तहरीर पर नगला खंगर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना नगला खंगर क्षेत्र के उरावर हस्तर्फ गांव की पीड़िता कुसमा देवी ने आरोप लगाया 15 नवंबर की शाम करीब पांच बजे उनका पुत्र गोविंद उर्फ गोलू अपने चचेरे भाई हरिकेश के साथ दावत खाने जा रहा था। आरोप है कि नगला हरिसिंह मोड़ पर पहले से घात लगाकर बैठे सतेंद्र उर्फ भोलई, रामशंकर, विकास, प्रमोद और अन्य लोगों ने दोनों भाइयों को घेर लिया। इसके बाद रायफल और तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने करीब 20 मिनट तक गोलियां चलाईं। जान बचाने के लिए दोनों भाई इधर-उधर भागे और रास्ते से गुजर रहे एक बाइक सवार की मदद ली। 15 नवंबर को ही पुरानी रंजिश को लेकर भोलई उर्फ सतेंद्र और गोविंद के बीच विवाद हुआ था। सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी ने बताया कि कुसमा देवी की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।