नारखी (फिरोजाबाद)। थाना रजावली क्षेत्र में टूंडला से एटा की ओर की जा रहा प्याज से भरा ट्रक गांव पहाड़पुर के पास आगे चल रहे ऑटो में टक्कर मारने के बाद पलट गया। इससे घर के बाहर सड़क किनारे पर चारपाई पर सो रहे दादा और पौत्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई। हादसे में ऑटो चालक भी घायल हुआ है। ट्रक चालक मौके से भाग निकला। शुक्रवार रात करीब 2 बजे एक ट्रक टूंडला से एटा की तरफ जा रहा था। ट्रक में प्याज भरी हुई थी। थाना रजावली क्षेत्र के गांव पहाड़पुर में सामने से आ रहे एक ऑटो को बचाने के चक्कर में ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गया। इस हादसे में घर के बाहर सो रहे जगदीश (60), आदित्य (17) की दबकर मौत हो गई। जबकि ऑटो चालक राजा निवासी इंदिरा कॉलोनी थाना दक्षिण घायल हो गया। हादसे की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से ट्रक को उठवाया। जब तक दोनों की जान जा चुकी थी।
पुलिस ने दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया। थाना प्रभारी विनय मिश्रा ने बताया कि परिजन की तहरीर पर ट्रक व चालक के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया है। ट्रक थाने भेजकर चालक की तलाश कराई जा रही है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिए हैं।
-
इंटर का छात्र था पौत्र, बाबा की करता था देखभाल
परिजन ने बताया कि मृतक आदित्य इंटर का छात्र था। वह पढ़ाई के साथ खेती में भी सहयोग करता था। साथ ही अपने बाबा की देखभाल भी करता था। शुक्रवार रात खाना खाने और टहलने के बाद घर के बाहर ही बाबा के साथ सो गया था।
-
तीन घंटे की मशक्कत, तब शव निकले बाहर
शुक्रवार रात रजावली के गांव पहाड़पुर पर प्याज से भरा ट्रक बाबा और पौत्र के ऊपर पलट गया था, जिसमें दोनों की मौत हो गई थी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को हटाया जा सका। तब दोनों के शवों को बाहर निकाला जा सका। दोनों शव देखकर परिजन की चीखें निकल गई। महिलाएं काफी देर तक विलाप करती रहीं।