तीन मंडलों के नायब तहसीलदारों का प्रशिक्षण 15 से
- मदावली स्थित मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र पर जिला प्रशासन ने शुरू की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। प्रदेश के तीन मंडलों (आगरा-अलीगढ़ और कानपुर)के 12 जिलों के नायब तहसीलदारों को साढ़े चार माह का प्रशिक्षण 15 जुलाई से मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र मदावली टूंडला में शरू होने जा रहा है। जिलाधिकारी रवि रंजन के निर्देश पर केंद्र पर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने का कार्य शुरू हो गया।
ये सभी हाल ही में राजस्व निरीक्षक के पद से प्रोन्नत हुए हैं। साढ़े चार माह तक चलने वाले प्रशिक्षण की तैयारी स्थानीय जिला प्रशासन ने करानी शुरू कर दी है। प्रशासन के सूत्रों की मानें तो जिले के मदावली स्थित प्रशिक्षण केंद्र पर 12 जिलों के 64 नायब तहसीलदारों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें 48 पुरुष और 18 महिला अभ्यर्थी शामिल है। प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य और तहसीलदार टूंडला डा. संतराज सिंह ने बताया कि आगरा मंडल के आगरा,मथुरा,मैनपुरी,फिरोजाबाद,अलीगढ़ मंडल के अलीगढ़,हाथरस,एटा एवं कासगंज,कानपुर मंडल के कानपुर नगर, कानपुर देहात,औरैया,कन्नौज एवं फर्रुखाबाद जिलों के अभ्यर्थी प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए आ रहे हैं। प्रशिक्षण की शुरूआत 15 जुलाई से होगी और यह 30 नवंबर तक अनवरत जारी रहेगा। प्रशिक्षण केंद्र के आस-पास साफ सफाई किए जाने के साथ ही पेयजल की सुविधा एवं बिजली आपूर्ति व्यवस्था आदि को सुधारने का काम जिलाधिकारी के निर्देशन में किया जा रहा है।