फिरोजाबाद हाइवे पर बरसात के दौरान सड़क किनारे भरे पानी में फंसी कार
- फोटो : TUNDLA
फिरोजाबाद। पिछले पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश ने भले ही उमस भरी गर्मी से पूरी तरह राहत दे दी हो, लेकिन झमाझम बारिश से से नगर से लेकर देहात में जलभराव की स्थिति है। जलभराव से जूझ रहे नगर निगम के लिए शुक्रवार को हुई बारिश आफत भरी रही। करीब चार घंटे तक लगातार हुई झमाझम बारिश से पूरा शहर तालाब बन गया। नई आबादी वाले क्षेत्रों में प्लॉटों से पानी की निकासी न होने के कारण मकान गिरने का खतरा बढ़ गया है।
पिछले पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश से अभी पिछली बारिश का पानी नहीं निकल सका था। वहीं शुक्रवार दोपहर 12 बजे से बूंदा बांदी शुरु हो गई। पूरी सुहागनगरी में काले बादल छा गए। इसके बाद एकाएक झमाझम बारिश होने लगी। चार घंटे तक लगातार हुई बारिश से मानों पूरा शहर जलमग्न हो गया। नगर के गांधी पार्क, बोधाश्रम, सुहागनगर, विभव नगर, कोटला रोड, जलसेर रोड, आसफाबाद, रसूलपुर समेत सभी इलाकों में पानी भरने से राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं स्थानीय लोग घरों के साथ छतों से बारिश का पानी फेंकते नजर आए।
गांधी पार्क बना तालाब
लगातार हो रही बारिश के बीच गांधी पार्क पानी से लबालब भरा हुआ है। पार्क के पानी की निकासी के लिए नगर निगम ने भले ही पंपिंग मशीन लगवा दी हो, लेकिन लगातार हो रही बारिश के बाद पानी की निकासी नगर निगम के अफसर नहीं करा पा रहे है।
मरीज और तीमारदारों को हो रही है दिक्कत
मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर चार के पास जहां पानी भरा हुआ है। वहीं मरीज और तीमारदारों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सरकारी आवासों के सामने जलभराव होने से स्टाफ को भी दिक्कत हो रही है।