उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में लगातार बारिश होने से सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। शुक्रवार को फुटकर बाजार में टमाटर 180 रुपये किलो बिका तो वहीं शनिवार को मंडी बंद होने से इसके भाव 200 रुपये किलो के पार पहुंच गए। लोग दुकान पर जाकर दाम तो पूछते लेकिन भाव सुनकर पीछे हट जाते।
विज्ञापन
दुकानदारों ने बताया कि ग्राहक टमाटर के दाम सुनकर किनारा कर लेते हैं। इस समय टमाटर हिमाचल प्रदेश से ही आ रहा है। वहां पर भी बाढ़ आदि के हालात बने हुए हैं। ऐसे में टमाटर काफी कम मात्रा में आ रहा है जबकि मांग अधिक है। इस वजह से दाम में इजाफा होता जा रहा है। बताया कि यदि बारिश लगातार होती रही तो टमाटर के दाम में अभी और इजाफा हो सकता है।
दुकानदारों ने बताया कि लगातार बारिश के हिमाचल में फसल को नुकसान होगा तो कुछ दिनों बाद वहां से माल आना बंद हो जाएगा। इसके बाद महाराष्ट्र से मंगाना पड़ेगा। वहां से जो सामान आएगा वह इससे भी महंगा होगा। बताया कि टमाटर के साथ ही भिंडी, बैंगन, हरी मिर्च, करेला आदि के दाम भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी ज्यादा हैं।
वहीं लोगों का कहना रहा कि अभी तक लोग पेट्रोल-डीजल के दाम पर ही परेशान थे। अब टमाटर के दाम तो पेट्रोल से भी दोगुना हो गए हैं। लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि अब हम सभी को खुश होना चाहिए, बधाई हो...पेट्रोल टमाटर से आधे दाम में मिल रहा है। मंहगाई कम हो गई है।
सब्जी खरीदने निकले ग्राहकों ने कहा कि रसोई से टमाटर गायब हो गया है। खाने का मन तो होता है लेकिन दाम सुनकर होश उड़ जाते हैं। जितने में एक किलो टमाटर आएगा उतने में दो-तीन दिनों के लिए सब्जी मिल जाएगी। इसलिए टमाटर से दूरी ही उचित है।