नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ बनाने के लिए पालीवाल ऑडिटोरियम में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में धार्मिक स्थलों के प्रबंधक और सचिवों से सुझाव आमंत्रित किए। प्रबुद्धजनों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। नगर आयुक्त ने अधीनस्थों एक सप्ताह में समस्याओं का निदान कराने के निर्देश दिए हैं।
केंद्र सरकार द्वारा शहरों को साफ-सुथरा बनाने के लिए स्वच्छ भारत मिशन पर जोर दिया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत सभी नगर निकाय क्षेत्रों में धर्मार्थ कार्य विभाग, पर्यटन विभाग, पुरातत्व विभाग द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के संचालन के लिए थीम पखवाड़े की अवधि एक से 15 दिसंबर तक निर्धारित की गई है। स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के लिए नगर निगम द्वारा शनिवार को शहर के प्रबुद्धजनों, धार्मिक स्थलों के प्रबंधक, कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक बुलाई गई। नगर आयुक्त रामऔतार रमन ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत हमें अपने शहर को साथ-सुथरा बनाना है। इस कार्य में धार्मिक स्थलों के प्रबंधकों को भी सहयोग करना है। सभी लोग धार्मिक स्थलों की बेहतर साफ सफाई कराएं। धार्मिक स्थलों के बाहर सड़क पर कहीं कूड़ा करकट नहीं डाला जाए। यदि नालियां चौक हों तो उन्हें साफ कराने के लिए बताएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शौचालय निर्माण, पार्कों और चौराहों के सौंदर्यीकरण में सहयोग करेंगे तो हमारा शहर बेहतर नजर आएगा। बैठक में लोगों ने सफाई न होने, सड़क निर्माण, दूषित पेयजल आपूर्ति से संबंधित से समस्यायें बताईं। बैठक में जलकल विभाग के महाप्रबंधक बीएन द्विवेदी, एक्सईएन निर्माण राजकुमार, एई रमाशंकर राम, ओएस सीपी सिंह, एई विद्युत अजय कुमार, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक दिनेश शर्मा, संदीप भार्गव, इंद्रजीत सिंह मौजूद रहे।