फिरोजाबाद। घर के बाहर खेल रहे तीन वर्षीय बालक की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित हुए लोगों ने चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीएम सदर के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खुलवा दिया। तब कहीं जाकर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची।
रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला रविदास नगर निवासी मान सिंह की तीन वर्षीय पुत्र आदेश बुधवार सुबह करीब आठ बजे घर के बाहर खेल रहा था। तभी वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से आदेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। आक्रोशित लोगों ने जाम लगा दिया और चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना पर एसडीएम सदर राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवारीजनों से बातचीत की। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खुलवा दिया। इसके बाद पुलिस शव को घटनास्थल से उठा सकी और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। एसडीएम सदर राजेश कुमार ने बताया कि पीडित पक्ष की तहरीर पर रामगढ़ थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।