-फौजी की पत्नी ने पुलिस को दी घटना की तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। शुक्रवार देर रात चोरों ने फौजी के घर में घुसकर हजारों रुपये के सामान की चोरी की। घटना की जानकारी परिजन को सुबह नींद से जागने के बाद हुई। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव नगला जवाहर निवासी अर्जुन सिंह फौज में तैनात है। वह कभी-कभी ही घर पर आता है। घर पर उसकी पत्नी एवं बच्चे रहते हैं। शुक्रवार देररात चोर किसी तरह से उसके घर में घुस आए। चोरों ने घर के अंदर घुसकर हजारों रुपये के सामान एवं नकदी तथा आभूषण को चोरी करके ले गए। घटना की जानकारी फौजी के परिजन को उस समय हुई। जब वह शनिवार सुबह जागे। कमरे के अंदर का सामान बिखरा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। गांव में चोरी की घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। थाना प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा ने बताया कि घर में नकब लगाने जैसी कोई स्थिति सामने नहीं आई है। कोई सामान भी नहीं टूटा है। तहरीर मिल चुकी है। घटना की जांच की जा रही है।