फिरोजाबाद ! झालगोपाल गोपालपुर पर जेड़ाझाल परियोजना का निरीक्षण करती नगर आयुक्त प्रेरणा शर्मा
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। शहर की पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम 25 किलोमीटर लंबी झालगोपालपुर नहर की सफाई करा रहा है। बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त और जलकल विभाग के जीएम ने टीम के साथ झालगोपालपुर नहर का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने नहर का सफाई कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
शहर की करीब साढ़े सात लाख की आबादी को प्रतिदिन 125 एमएलडी पानी की आवश्यकता होती है। इस पानी की आपूर्ति जलकल विभाग द्वारा जेड़ाझाल परियोजना से दी जाने वाली आपूर्ति से की जाती है। जेड़ाझाल परियोजना के तहत जल निगम नगर निगम को करीब 70 एमएलडी पानी देता है और 45 से 50 एमएलडी पानी जलकल विभाग द्वारा नलकूपों से दिया जाता है।
कुछ दिन पूर्व झील में घास और सिल्ट जमा होने से नहर का जलस्तर कम हो गया था। ऐसे में जल निगम ने झील में स्टोर पानी से शहर को आपूर्ति दी। अब शहर में पानी का संकट समाप्त करने के लिए नगर निगम द्वारा अपने स्तर से नहर की सफाई कराई जा रही है। इसका बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त प्रेरणा शर्मा और जीएम जलकल रामबाबू राजपूत ने टीम के साथ निरीक्षण किया। नगर आयुक्त प्रेरणा शर्मा ने अधिकारियों को नहर का सफाई कार्य जल्द पूरा कराने को कहा।